बुधवार, 30 जून 2021

सीएम उद्घाटन के बावजूद पांच माह बाद भी नहीं हो पाया बस स्टैंड चालू

सीएम उद्घाटन के बावजूद पांच माह बाद भी नहीं हो पाया बस स्टैंड चालू, एनओसी न मिलने के कारण नहीं निकाल पा रहा रास्ता, रोड सेफ्टी की बैठक में डीसी ने अगले माह तक बस स्टैंड चालू करने के दिए निर्देश

करनाल: पवन अग्रवाल
बस स्टैंड के उद्घाटन को करीब पांच माह का समय पूरा होने वाला है। बस अड्डे पर बसों की एंट्री व एग्जिट के लिए आज तक भी रास्ता नहीं मिल पाया है। नए बस स्टैंड का निर्माण पूरा होने के बावजूद भी लोगों को बस क्यू शेल्टरों पर खड़े होकर बसें पकडऩी पड़ रही है। क्यू शेल्टर पर धूप होने के कारण यात्रियों को पेड़ के नीचे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। बस स्टैंड के रास्ते को लेकर पीडब्ल्युडी विभाग एनएचएआई को पत्र व्यवहार कर चुका है लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी ढाक के तीन पात वाली बात सामने आती है।

बीती सात फरवरी को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घरौंडा नई अनाज मंडी के पास करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर लगभग 2.16 करोड़ की लागत से बनाए गए बस स्टैंड का उद्घाटन किया। जब बस स्टैंड का उद्घाटन हुआ उस दौरान भी निर्माण कार्य जारी था। निर्माण को पूरा करने में पीडब्ल्युडी विभाग ने करीब डेढ़ से दो माह का समय लगा दिया। बस स्टैंड का निर्माण पूरा हुआ तो मामला बस स्टैंड में बसों की एंट्री व एग्जिट को लेकर अटक गया। आनन फानन में पीडब्ल्युडी विभाग ने एनएचएआई को एनओसी के लिए लिखा लेकिन मामला कागजी कार्रवाई में ऐसा उलझा कि पांच माह बीतने को है और अब तक भी एनओसी नहीं मिल पाई है।
बस स्टैंड को तैयार होने में लग गए दो साल-
पी.डब्ल्यु.डी ने बस स्टैंड का निर्माण कार्य मार्च-2019 में शुरू किया था और एक वर्ष में काम पूरा करना था लेकिन लॉकडाउन के चलते यह संभव नहीं हो पाया। अब जून-2021 भी बीत चुका है और बस स्टैंड शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में बस स्टैंड का निर्माण एक वर्ष देरी से हुआ और आज बस स्टैंड के रास्ते के लिए एन.ओ.सी. में भी कई माह का समय लग रहा है और लोगों का इंतजार बढ़ता जा रहा है।
बस स्टैंड चालू करने को लेकर डीसी ने दिए निर्देश-
करनाल उपायुक्त निशांत यादव ने सडक़ सुरक्षा की बैठक में बस स्टैंड के रास्ते को लेकर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश जारी किए है। उन्होंने कहा कि घरौंडा का नया बस स्टैण्ड बनकर तैयार हो गया है। बस अड्डे पर बसों की एंट्री व एग्जिट के लिए सैंट्रल वर्ज पर एक कट चाहिए। उन्होंने इसके लिए एन.एच.ए.आई. के प्रतिनिधि के साथ-साथ उपमण्डलाधीश घरौंडा की ड्यूटी लगाई कि इस बारे हर सप्ताह एक मीटिंग रखें और अगली मासिक मीटिंग से पहले बस स्टैण्ड चालू हो जाना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

‘न बजेगा शंख, न होने देंगे पूजा’ : काशी

आज न्यूज़ न बजेगा शंख, न होने देंगे पूजा... मकान मालिक का ऐलान, क्या ताले में ही बंद रहेंगे क्या ताले में ही बंद रहेंगे काशी के सिद्धिश्वर मह...