बसताड़ा में पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते चाचा ने भतीजों व भाई पर लाठी डंडों से किया हमला, पुलिस ने किया एक महिला सहित पांच के खिलाफ मामला दर्ज
घरौंडा : पवन अग्रवालबसताड़ा में जमीनी विवाद के चलते चाचा ने अपने ही भतीजे पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। बीच-बचाव के लिए आए अपने भाई और दूसरे भतीजे के साथ भी मारपीट की। हमले से तीनों को गंभीर चोटें आई। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बसताड़ा निवासी सचिन पुत्र सुलतान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसके दादा धर्म सिंह ने जमीन का हिस्सा उसके दोनों चाचा सुरेंद्र व ईशपाल के नाम कर दिया है। शनिवार को वह इसकी जानकारी लेने के लिए अपने दादा के पास गया था। धर्म सिंह उसके चाचा सुरेंद्र के मकान में ही रहता है। जब वह अपने दादा से बातचीत कर रहा था तो उसका चाचा ईश्पाल लाठी लेकर आया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी बीच उसका दूसरा चाचा सुरेंद्र, ईश्पाल का लड़का विशाल, सुनीता चाची व सुरेंद्र का लड़का सौरभ भी पहुंच गए और वे उसके साथ मारपीट करते हुए उसको गली में ले गए। शोर सुनकर बीच बचाव के लिए उसका पिता सुलतान सिंह व भाई संदीप पहुंचा तो उन पर भी लाठी डंडों व रॉड से हमला बोल दिया। जिसकी वजह से संदीप को गहरी चोटें आई है। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। एसएचओ दीपक ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर ईश्पाल, सुरेंद्र, सौरभ, विशाल व सुनीता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें